मछलीशहर। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को ब्लाक कार्यालय का निरीक्षण किया। कार्यालय परिसर में हरी घास लगाने और जर्जर हो चुके भवन को निष्प्रयोज्य घोषित कराने का निर्देश ब़ीडीओ राजन राय को दिया। मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की जानकारी ली।
बीडीओ ने बताया कि 92 ग्राम पंचायतों में से 88 ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत कार्य चल रहा है। इसमें 1837 मजदूर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में पैसे अवशेष होने पर डीएम ने बीडीओ को चेतावनी दी। लेखाकार संजय कुमार चैहान को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। पांच दिन के भीतर कार्य योजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। ग्रांट रजिस्टर्ड के भरा न होने पर नाराजगी जताई। ग्राम पंचायत बीशपालपुर में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की जांच एसडीएम मछलीशहर और डीसी मनरेगा की टीम गठित कर जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। जीपीएफ पासबुक निरीक्षण के दौरान अजय कुमार सिंह एवं वरिष्ठ सहायक अशोक सरोज की सेवा पुस्तिका में छुट्टी की एंट्री नहीं मिलने वरिष्ठ सहायक अशोक सरोज को चेतावनी दी। मछलीशहर के कोटवा गांव में बने मनरेगा तालाब एवं जमुहर तथा करियांव में बने मनरेगा पार्क का निरीक्षण किया। तालाब के बगल की भूमि पर बैडमिंटन एवं वालीबाल कोर्ट बनाने, बिजली का पोल लगाने का निर्देश दिया। जमुहर में मनरेगा पार्क का निरीक्षण किया। डीएम ने बच्चों के बीच कुश्ती प्रतियोगिता कराई। हसनैन, रवि बिंद, शनि एवं अमित सरोज को 200 रुपये पुरस्कार स्वरूप दिया। डीएम ने करियांव, मीरगंज पार्क में पेंटिंग को सराहा। पार्क में सोलर लाइट लगाने को कहा।