शहर से लेकर गांव तक पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को मिलने वाली सुविधाओं की अनदेखी की जा ही है। ज्यादातर पंपों पर हवा भरने की मशीन या तो खराब पड़ी है या फिर बंद है। कुछ जगहों पर पेयजल का भी मुकम्मल इंतजाम नहीं हैं। शौचालय भी अलग अलग नहीं बल्कि महिला पुरुष के लिए एक ही बनाए गए हैं।
शुक्रवार को जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में खुले पेट्रोल पंपों पर मिलने वाली सुविधाओं की पड़ताल की गई। पता चला कि जौनपुर शहर के नई गंज और पचहटिया स्थित पेट्रोल पंपों पर हवा की व्यवस्था नहीं थी। प्रतिनिधि ने जब पंप पर पहुंचकर सेल्समैन से हवा भरवाने की बात कही तो कहा गया कि मशीन खराब पड़ी है। वहीं शौचालय की पड़ताल करने पर पता चला कि नईगंज वाले पंप पर महिला और पुरुष दोनों के लिए एक ही शौचालय है। पचहटिया वाले पेट्रोल पंपपर सभी सुविधाएं करीब करीब मिलीं, लेकिन हवा भरने की सुविधा नहीं मिली। बरईपार-मछलीशहर रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर महिला और पुरुष के लिए ही शौचालय है। हालांकि यहां पानी, हवा का इंतजाम मुकम्मल दिखा। बरईपार-मछलीशहर मार्ग पर ही एक और पेट्रोल पंप है। यहां हवा भरने की मशीन खराब पड़ी है। पानी की व्यवस्था है, शौचालय महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग है। गौराबादशाहपुर बिथार के पास पेट्रोल पंप पर हवा भरने की मुकम्मल व्यवस्था नहीं है। मनिहा गोविंदपुर के पास वाले पेट्रोल पंप पर भी निशुल्क हवा की व्यवस्था नहीं है।
यह होनी चाहिए व्यवस्थाएं
उपभोक्ताओं की सुविधाओं के लिए बड़े अंकों में प्रतिदिन के पेट्रोल व डीजल के रेटों को प्रदर्शित किया जाना चाहिए। सुरक्षा के लिए फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन सुविधाएं भी होनी चाहिए। शौचालय, मुफ्त पानी, मुफ्त हवा की व्यवस्था होनी चाहिए।
कोट
पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को हवा, पानी, शौचालय की सुविधा निशुल्क मिलनी चाहिए। कुछ दिनों में जांच कर ऐसे पंपों का सर्वे किया जाएगा जहां सुविधा नहीं दी जा रही है। उनसे जुर्माना वसूला जाएगा और व्यवस्थाएं ठीक कराई जाएंगी। संतोष विक्रम शाही, डीएसओ जौनपुर