मछलीशहर। खाली पदों को भरनेके आदेश के बाद भी कृषि विभाग में पदोन्नति नहीं होने और वेतन विसंगतियों के खिलाफ कृषि विभाग के कर्मचारियों ने बुधवार को बांह पर काली पट्टी बांध कर प्रदर्शन किया।
तहसील सभागार में किसान सम्मान निधि की डाटा फीडिंग एवं भूलेख अंकन आदि कार्यों में जुटे कृषि विभाग के कर्मचारियों ने अधीनस्थ कृषि सेवा संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर राजेंद्र प्रसाद यादव के नेतृत्व में बाह में काली पट्टी बांध कर विरोध प्रदर्शन किया। राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि संघ के प्रांतीय नेतृत्व की ओर से लिए गए निर्णय के अनुसार 12 से 15 सितंबर तक काला फीता बांधकर विरोध प्रर्दशन करेंगे। 17 सितंबर को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सुधाकर वर्मा, प्रमोद उपाध्याय, धर्मेंद्र कुमार पटेल, अनुज राय सहित मुंगराबादशाहपुर, सुजानगंज एवं मछलीशहर के बीज गोदाम प्रभारी व प्रचार मंत्री उपस्थित रहे।