मुंगराबादशाहपुर। क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने पड़ोसी गांव के युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और गर्भवती होने पर शादी से इनकार कर दिया। प्रेमी घर छोड़कर फरार हो गया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह कक्षा 10 की छात्रा है। एक वर्ष पहले स्कूल आने जाने के दौरान उसकी मुलाकात पड़ोसी गांव के एक युवक से हो गई। दोनों में प्रेम हो गया। युवक ने शादी का वादा करके कई बार शारीरिक संबंध बनाया। गर्भवती होने पर पहले तो उसने गर्भपात कराने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुआ। शादी के लिए दबाव बनाने पर वह घर छोड़कर फरार हो गया। युवती मानसिक रूप से परेशान हो कर बिना किसी को बताए घर से लखनऊ और वहां से सीतापुर चली गई। बाद में किसी तरह से वह घर आई। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष रमेश यादव ने कहा कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।