जौनपुर। श्री जगन्नाथ धाम रासमंडल में बृहस्पतिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। महाप्रभु जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र और देवी सुभद्रा को ‘शाही खिचड़ी’ का महाभोग लगाने के बाद नगर भ्रमण कराया गया।
इस दौरान पूरा शहर ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथयात्रा का भव्य स्वागत किया। इससे पहले, महोत्सव के तहत डॉ. रजनी कांत द्विवेदी के कुशल निर्देशन में भगवान का मुख्य पूजन संपन्न हुआ।
मुख्य यजमान डॉ. रजनीश श्रीवास्तव, डॉ. स्मिता श्रीवास्तव, सीए संजय गुप्ता और नीलिमा गुप्ता ने संयुक्त रूप से भगवान के विग्रहों का पूजन व महाआरती की। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य दर्शन किए और ‘शाही खिचड़ी’का प्रसाद ग्रहण किया।
रथयात्रा के मार्ग में व्यापार मंडल, बोल बम कांवरिया संघ के सुधीर साहू, अनाज व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन, गणेश साहू और स्वर्णकार समाज के सदस्यों ने भगवान के रथ पर पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। भक्तजन भगवान के नाम का संकीर्तन करते हुए झूमते-गाते चल रहे थे।
इस भव्य धार्मिक आयोजन में महंत महेंद्र दास त्यागी महाराज, श्याम मोहन अग्रवाल, अरुण त्रिपाठी, दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष मनीष देव, श्री नवदुर्गा शिव मंदिर के मुख्य ट्रस्टी निखिलेश सिंह, अनिल अस्थाना, अध्यक्ष रंजीत अग्रहरि, संजय पाठक, नीरज उपाध्याय, डॉ. एम.एम. वर्मा, विमल सेठ, डॉ. विकास रस्तोगी, शैलेंद्र मिश्रा, निशा कांत द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।