अगले दिन बृहस्पतिवार को रामबृक्ष (47) को भी पेट में दर्द होने लगा। आसपास के लोग उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। सुबह करीब नौ बजे रामबृक्ष ने भी दम तोड़ दिया। इसी बीच सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैलने लगी कि पकड़ी गांव में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत हो गई।
इस खबर पर एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह, एडीएम भू-एवं राजस्व राजकुमार द्विवेदी, सीओ सदर रणविजय सिंह, एसडीएम शाहगंज राजेश वर्मा, आबकारी विभाग की टीम और सरायख्वाजा थाने की पुलिस गांव में पहुंच गई। पुलिस ने रामबृक्ष के घर में तलाशी ली तो एक शराब की शीशी बरामद हुई। शीशी पर लगे रैपर के मुताबिक शराब गोरखपुर की बनी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि शीशी 10 से 15 दिन पुरानी लग रही है।
पुलिस ने आस-पास के लोगों से भी पूछताछ की। मामले में एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह ने कहा कि पकड़ी गांव में अबूझ हाल में पति-पत्नी की करीब 15 घंटे के अंतराल में मौत हुई है। गांव के कुछ लोग मौत का कारण जहरीली शराब मान रहे हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर वजह साफ हो सकेगी। वैसे जहरीली शराब से मौत हुई होती तो उस दुकान से शराब खरीदने वाले और भी लोग बीमार हो सकते थे।