मीरगंज। बभनियांव गांव निवासी एक महिला ने पति से अनबन के बाद रस्सी के फंदे से लटक कर शुक्रवार की बीती रात अपनी जान दे दी। सुबह जानकारी मिलने पर मायके के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक गांव निवासी मुकेश की शादी 2017 में संत रविदास नगर के भदोही कोतवाली के प्रजापतिपुर गांव निवासी राजन की बेटी चंदा (26) के साथ हुई थी। 2024 में चंदा ने अपने जेठ के लड़के लवकुश के साथ कोर्ट मैरिज किया था। इसके बाद वे लवकुश के साथ रहती थी। इसको लेकर परिवार में तनाव और विवाद चल रहा था। चंदा की उसके पति लवकुश से किसी बात को लेकर अनबन हुई थी। इसके बाद बीती रात घर में ही उसने फंदे पर लटक कर जान दे दी। परिजनों ने मायके वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पहले पति से दो बच्चे रितेश (7) व नितेश ( 5) साल है। चंदा का पहला पति मुकेश गुजरात में रहकर मजदूरी करता है। मृतका के चचेरे भाई अजीत कुमार ने आशंका जताई है कि उसकी बहन की हत्या उसके ससुराल वालों ने की है। थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकती है। जांच -पड़ताल की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेंगे।