जौनपुर। जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद ने शनिवार को विकास भवन के कई कार्यालयों को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डीएम ने सबसे स्पष्टीकरण मांगा। वहीं, समाज कल्याण विभाग में पेंशन के 2204 आवेदन लंबित मिले। इस पर नाराज डीएम ने समाज कल्याण अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने को कहा। सबसे पहले समाज कल्याण विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, फिर सहकारिता विभाग, दिव्यांगजन कल्याण विभाग का औचक निरीक्षण किया। यहां उपस्थिति पंजिका की जांच में पाया कि समाज कल्याण विभाग के लेखाकार कमलेश कुमार, अजीत कुमार और अर्जुन सोनकर के अलावा ग्राम विकास अधिकारी ज्ञानचंद अनुपस्थित थे। सहकारिता विभाग के अजय कुमार सिंह, जिला प्रबंधक केशव पटेल और कंप्यूटर आपरेटर सुषमा पाल भी बिना सूचना के गायब थे। इन सभी को डीएम ने स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। डीएम ने सीडीओ को निर्देश दिया कि सहायक पटलों कमचारियों के टेबल पर नेम प्लेट लगवाएं। इसके बाद जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी से लंबित पेंशन आवेदनों की जानकारी ली। जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्यालय में साफ-सफाई पाये जाने पर संतोष जाहिर किया।