जौनपुर जिले के खुटहन क्षेत्र के महमदपुर गांव के डॉक्टर साहब होने वाली पत्नी के इश्क में कुछ यूं फिदा हुए कि खुद का और भावी पत्नी का मोबाइल स्विच आफ कर 25 दिन पहले लापता हो गए। अचानक ऐसा करने से परिजन परेशान और अंत में निराश होने के बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट में भी दर्ज करा दी।
रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने जब खोजबीन शुरू की, तो डॉक्टर साहब के मोबाइल की लोकेशन दिल्ली में मिली। मिली लोकेशन के आधार पर स्थानीय पुलिस ने डॉक्टर को भावी पत्नी संग दिल्ली से बरामदकर थाने ले आयी। जहां पूछताछ में दोनों ने दिल्ली घूमने जाने की बात बताई। पुलिस ने दोनों को कड़ी हिदायत के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव निवासी चिकित्सक डॉ राजेश सिंह बीते 24 अक्टूबर को बाइक से वाराणसी के लिए निकले थे। जहां से शाम को घर वालों को फोन पर बताया कि हम अपनी होने वाली पत्नी नेहा सिंह के साथ विंध्याचल दर्शन को जा रहे हैं। फिर राजेश और नेहा दोनों का मोबाइल स्विच आफ हो गया।
दोनों के परिजन लगातार फोन पर बात करने का प्रयास करते रहे, लेकिन उनका मोबाइल लगातार बंद बताता रहा। काफी तलाश के बाद घटना के तीसरे दिन चिकित्सक के पिता ब्रह्मदेव सिंह ने थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराकर पुलिस पर बरामदगी का दबाव बनाना शुरू कर दिया।