जौनपुर। कलेक्ट्रेट के अधिवक्ता विकास कुमार पांडेय के साथ बरसठी थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मियों के दुर्व्यवहार से क्षुब्ध कलेक्ट्रेट के अधिवक्ता बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ता संघ ने बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित किया और डीएम को पत्र भेजकर तीन दिन के अंदर प्रभारी निरीक्षक बरसठी और पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति के सदस्य विकास कुमार पांडेय ने समिति के अध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि बरसठी थाने के प्रभारी निरीक्षक और उनके पुलिस कर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की। इस पर अधिवक्ता समिति ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय की। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष हरिश्चंद्र यादव और संचालन महामंत्री आनंद मिश्र ने किया। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष जगत नारायण तिवारी, महेंद्र प्रताप सिंह, उदय प्रताप सिंह, पूर्व महामंत्री, जयंती प्रसाद मिश्र, बृजेश यादव, रवींद्र नारायण सिंह, कपिल देव सिंह, संतोष श्रीवास्तव, वीरेंद्र श्रीवास्तव, हीरालाल गुप्ता मौजूद थे।