सुरेरी। थाना क्षेत्र के करौंदी कला गांव में बृहस्पतिवार की सुबह घर से सौ मीटर दूर खेत में अधेड़ संदिग्ध हाल में मृत पाया गया। उसके मुंह और नाक पर खून लगा था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। युवक बाजार जाने की बात कह घर से निकला था।
करौंदी कला गांव निवासी विनय प्रताप सिंह उर्फ नन्हे सिंह (50) बुधवार की रात करीब आठ बजे घर में सब्जी देने के बाद बाजार जाने की बात कह चला गया। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह घर से लगभग सौ मीटर दूर सरसों के खेत में विनय प्रताप का शव देख ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। युवक के मुंह और नाक पर खून लगा था। चेहरा काला पड़ गया था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ मुन्ना राम ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।