शाहगंज। बडौना गांव में बृहस्पतिवार को हरे नीम का पेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और घर में घुसकर हमले तक पहुंच गया। इस मामले में एक अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी अधिवक्ता अंगद प्रसाद मौर्या ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंग लोग हरा नीम का पेड़ काट रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद राजाराम, हरीराम, अमित, अजय, छोटू, चंद्रेश उर्फ भीम, नितेश मोदनवाल, पल्लू, सौरभ अग्रहरि, दिनेश उर्फ प्रिंस, नरेंद्र, अनुराग उर्फ बंटी, प्रिंस सोनी और सुरेन्द्र बिंद नामक लोग लाठी-डंडा और असलहा लेकर अधिवक्ता के घर पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सभी 14 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।