केराकत। तहसील अधिवक्ता संघ के पूर्व महामंत्री हीरेंद्र यादव पर हमले के विरोध में अधिवक्ता संघ ने बुधवार को भी धरना दिया। पुलिस की सुरक्षा के बीच एसडीएम ने कोर्ट में न्यायिक कार्य किया।
अधिवक्ता संघ इस मामले में प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए पिछले 21 दिन से न्यायिक कार्य से विरत चल रहे हैं। संघ के पदाधिकारी मंगलवार से धरने पर बैठे हैं। बुधवार को धरने के दौरान अधिवक्ताओं ने एसडीएम कोर्ट में काम होने पर नाराजगी जताई। धरना स्थल पर निर्णय लिया गया कि बृहस्पतिवार को भी किसी भी हालत में कोर्ट नहीं चलने दिया जाएगा। संघ का पुरजोर विरोध करेगा। उपजिलाधिकारी माज अख्तर ने 11 मामलों में सुनवाई की। चार मामलों की फाइल का निस्तारण किया। उपजिलाधिकारी का कहना है कि अधिवक्ता बेवजह धरना दे रहे हैं। मामले में छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि प्रमुख आरोपी फरार है, पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी है। शीघ्र ही उसकी भी गिरफ्तारी हो जाएगी।