जौनपुर। जन शिकायती प्रार्थना पत्रों के निपटारे में लापरवाही करना 17 अधिकारियों को भारी पड़ गया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने उप निदेशक कृषि जय प्रकाश सहित 12 अधिकारियों को विशेष प्रतिकूल प्रविष्ट के साथ ही पांच तहसीलदारों को चेतावनी पत्र जारी किया है। जिलाधिकारी ने जन शिकायती प्रार्थना पत्रों के निपटारे की स्थिति की गत दिवस रैंडम जांच कराई। इसमें ज्यादातर अधिकारी फेल साबित हुए। अधिकांश अधिकारियों ने मौके पर जाकर कुछ ही मामले निपटाए थे। शेष मामलों को महज कागज पर पूरा किया था। फरियादियों ने इस पर असंतोष जताते हुए फीडबैक दिया है। प्रतिकूल प्रविष्टि में उप निदेशक कृषि जय प्रकाश पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, जिला कृषि अधिकारी केके सिंह, बीडीओ बदलापुर वीर भानु सिंह, बीडीओ महराजगंज शशिकेश सिंह, ए़डीओ महराजगंज कृष्ण कुमार पांडेय, बीडीओ सुजानगंज सचिन कुमार भारती, बीडीओ खुटहन गौवेंद्र सिंह, बीडीओ बक्शा राजीव कुमार सिंह, बीडीओ बरसठी राजन राय, बीडीओ सोंधी अनुराग और अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम एके सिंह शामिल हैं। इसके अलावा तहसीलदार सदर महेंद्र बहादुर, तहसीलदार बदलापुर मृदुला दुबे, तहसीलदार मड़ियाहूं अमित कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार मछलीशहर सुदर्शन कुमार, तहसीलदार शाहगंज अभिषेक कुमार को चेतावनी दी है। अपर जिलाधिकारी भू-राजस्वराज कुमार द्विवेदी ने बताया कि जन शिकायतों का समय से निपटारा किया जाना है। यह अधिकारी ऐसे हैं, जिन्होंने बार-बार निर्देश के बाद भी प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निपटारा नहीं किया। इसके चलते डीएम ने इन्हें दंडित किया है।