डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने गुरुवार को सिकरारा ब्लाक के लोहिया गांव हरखपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने विकास को लेकर सख्ती दिखाई।
अभिलेख न दिखाने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आशा तिवारी को निलंबित करने और सीडीपीओ राधारानी यादव का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
लोहिया आवास का निर्माण पूरा न होने पर प्रभारी एडीओ आईएसबी विनय शुक्ल का वेतन रोकने के लिए कहा।लोहिया गांव में 58 लोहिया आवास बनाने का लक्ष्य है लेकिन मौके पर सिर्फ 49 आवास ही पूरे पाए गए।
गांव में गंदगी देख डीपीआरओ को चेतावनी दी कि वे सफाई कर्मचारियों के माध्यम से साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें। 40 शौचालयों का निर्माण पूरा कराने के लिए धन अवमुक्त कराने को कहा।
यहां दोबारा सर्वे में 40 और शौचालय के निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। सीसी रोड बनाते समय जल निकासी के लिए पुलिया निर्माण का ध्यान नहीं दिया गया।
इस ओर गुरुवार को जब ग्रामीणों ने डीएम का ध्यान खींचा तो जेई आरईएस एनके राय को निर्देश दिया कि सीसी रोड पर जल निकासी की पाइप लगाएं।
बिजली के तार नीचे लटकने की शिकायत पर उसे ठीक कराने का निर्देश एक्सईएन को दिया। लोहया आवास और समाजवादी पेंशन योजना के लाभार्थियों की सूची गांव में किसी सार्वजनिक स्थान पर चस्पा कराने का निर्देश दिया।
इस मौके पर डीडीओ तेज प्रताप सिंह, डीपीआरओ एके सिंह, बीडीओ जीपी कुशवाहा, खंड शिक्षा अधिकारी संजीव सिंह, कृषि उपनिदेशक अशोक उपाध्याय समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
सिरकोनी ब्लाक के लोहिया गांव धनेजा का भी डीएम ने जांच की। 350 शौचालय में 196 शौचालय बने मिले तथा 154 अधूरे पाये गए। डीपीआरओ एकेस सिंह का वेतन बाधित करते हुए शासन को पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया।
400 मीटर सड़क में मात्र 160 मीटर बनाये जाने तथा खेतों की मेड़बंदी न कराने पर नाराजगी व्यक्त किया तथा खंड विकास अधिकारी सिरकोनी सुरेश सिंह का वेतन बाधित करते हुए प्रतिकूल टिप्पणी देने का निर्देश सीडीओ पीसी श्रीवास्तव को दिया।