बीडीओ ने बुधवार को ग्राम रोजगार सेवकों एवं सचिवों के साथ एक बैठक की। उन्होंने ग्राम पंचायत में कराए जा रहे कार्यों को जल्द पूर्ण करवाने का निर्देश दिया। साथ ही एडीओ पंचायत को लापरवाह सफाई कर्मियों पर नजर रखने को कहा।
बुधवार को बीडीओ कृष्ण मोहन यादव ने कार्यालय में हुई बैठक में कहा कि जिन-जिन ग्राम पंचायत में अभी भी कई कार्य अधूरे पड़े हुए हैं उन कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जल्द पूर्ण करवा लें। बीडीओ ने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले ग्राम पंचायत में छोटी बड़ी नालियों की भी सफाई कर्मियों की टीम लगवाकर साफ-सफाई करवा दें ताकि बारिश में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
उन्होंने गोशालाओं पर सचिवों को नियमित रूप से निरीक्षण करते हुए उचित देखरेख करने का भी निर्देश दिया। बीडीओ ने एडीओ पंचायत लालजी राम से कहा कि जिस भी ग्राम पंचायत में सफाई कर्मी कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं उन पर विशेष नजर रखे और उनके कार्यो की स्थिति से अवगत कराते रहे।
इस दौरान एडीओ पंचायत लालजी राम, सचिव माता प्रसाद यादव, राजेश कुमार यादव, अरविंद यादव, अखिलेश कुमार, विपिन कुमार राय, श्रुति गुप्ता, अरविंद सिंह चौहान आदि मौजूद रहें। संवाद