जौनपुर। अब कोई शिकायत प्रार्थना पत्र व ज्ञापन अधिकारी को थमाया नहीं जा सकता है। या तो आनलाइन आवेदन करना होगा या फिर शिकायत पेटिका में पत्रक डालना पड़ेगा। जिलाधिकारी ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए यह व्यवस्था की है।
अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व रामप्रकाश ने बताया कि कोरोना का प्रसार तेजी से हो रहा है। इसको देखते हुए डीएम ने अधिकारियों से ज्ञापन और आवेदन सीधे न लेने का निर्देश दिया है। फरियादी या तो जनसुनवाई पोर्टल पर आनलाइन शिकायतें दर्ज कर सकेंगे या फिर अर्जी शिकायत पेटिका डालनी होगी। डीएम व एडीएम वित्त व राजस्व कार्यालय के सामने शिकायत पेटिकाएं रखवा दी गई हैं। एडीएम वित्त व राजस्व, नगर मजिस्ट्रेट को व्हाट्सएप, ईमेल के जरिए ज्ञापन भेजा जा सकता है। वहीं शादी आदि की अनुमति लेने के लिए 72 घंटे पूर्व शिकायत पेटिका में अर्जी डालना जरूरी है। प्रार्थनापत्र के साथ समारोह में शामिल होने वाले सभी व्यक्तियों का नाम व मोबाइल नंबर भी दर्ज होना चाहिए। बारात ले जाने वाले वाहनों का भी विवरण शामिल होना चाहिए।
बिना मास्क लगाए नहीं जा पाएंगे कलेक्ट्रेट में
जौनपुर। कलेक्ट्रेट में जाने के लिए मास्क व व फेस कवर लगाना कर आना आवश्यक है। ऐसा नहीं करने वाले कलेक्ट्रेट में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति कलेक्ट्रेट में प्रवेश करने के पहले मास्क व अपने दोनों हाथों को स्वयं सैनिटाइज करेगा। इसके अलावां कोविड हेल्प डेस्क पर अपना अंप्रेचर एवं आक्सीजन स्तर चेक कराएगा। तभी वह कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर सकेगा।