-बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज, आरोपियों की धर-पकड़ में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदवक। थाना क्षेत्र के महुली गांव में सोमवार दोपहर में क्रिकेट खेलने जा रहे एक युवक विशाल यादव (20) को बुलेट सवार बदमाशों ने गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
उमरवार गांव निवासी सिपाही लाल यादव के बेटा विशाल अपने दोस्तों के साथ महुली गांव में क्रिकेट मैच खेलने जा रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अरका-रतनूपुर मार्ग स्थित परचून की दुकान पर सामान लेने रूका। इसी दौरान अरका गांव की ओर से सफेद रंग की बुलेट बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार युवकों ने पहले विशाल से गाली-गलौज की। फिर बाइक के पीछे बैठे युवक ने तमंचा निकालकर विशाल पर फायर कर दिया। गोली विशाल के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी, इससे वह चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बुलेट से रतनूपुर की ओर भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गुजरात में काम करता था युवक
परिजनों ने बताया कि विशाल गुजरात में प्लंबर का काम करता था। चार महीने पहले ही गांव लौटा था। उसके पिता सिपाही लाल यादव मुंबई की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। विशाल दो भाइयों में बड़ा है, जबकि छोटा भाई आठवीं में पढ़ता है। दोनों भाई मां के साथ गांव में ही रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ऑपरेशन कर निकाली गई गोली
चंदवक। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में सोमवार शाम पांच बजे घायल विशाल के दाहिने पैर का ऑपरेशन कर गोली निकाल ली गई। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत में सुधार है। प्रभारी निरीक्षक चंदवक सत्य प्रकाश ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायल के परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान परिजनों ने पुलिस को तहरीर भी सौंपी।
दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
केराक त के क्षेत्राधिकारी अजीत रजक ने बताया कि घायल विशाल के परिजन विजय यादव की तहरीर पर बेहड़ा निवासी राज सिंह, अरका (बेहड़ा) निवासी धीरज निषाद के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। क्राइम ब्रांच की टीम चंदवक पुलिस सयुक्त रूप से आरोपियो के तलाश में जुटी है।
घायल युवक के परिजन वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज करा रहे हैं। घायल युवक के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा।
सत्य प्रकाश सिंह,प्रभारी निरीक्षक