Jaunpur Crime News: जौनपुर जिले में तेरहवीं का भोज खाने गए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। मृतक कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था।
जौनपुर जिले के कोतवाली क्षेत्र के बबुरा गांव में सोमवार की रात तेरहवीं में भोज खाने गए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मौके पर एएसपी आतिश कुमार सिंह सहित कई थानों की पुलिस पहुंची। मृतक युवक पर 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। गोली उसकी दाहिनी कनपटी पर लगी है। पुलिस देर रात तक मामले की छानबीन में जुटी थी। परिजनों की तहरीर पर गांव के ही दो व्यक्तियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
क्या है मामला
बबुरा गांव निवासी स्वाधीन सिंह उर्फ छोटू (24) घर से लगभग 700 मीटर दूर तेरहवीं में भोज खाने गया था। वह अपने अपने बड़े भाई सानिध्य उर्फ लक्की को भी साथ ले गया था। वहां से तकरीबन 300 मीटर दक्षिण गांव की सीमा पर स्थित तालाब पर अकेले चला गया। वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने छोटू के सिर में गोली मार दी।
सूचना मिलते ही परिजन उसे घायल अवस्था में सीएचसी ले गए। जहां से हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। मौके पर एएसपी आतिश कुमार सिंह, सीओ सुनील चंद तिवारी, स्वाट टीम सहित कई थानों की फोर्स जांच पड़ताल में जुट गई। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।