शाहगंज। क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसे में रिश्तेदारी से घर जा रहे एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए। तहसील क्षेत्र के ताखा पश्चिम गांव निवासी रमेश(46) शुक्रवार की दोपहर में रिश्तेदारी से अपने घर लौट रहा था। वह चिरैया मोड़ के समीप मैदा मिल के पास पहुंचा, उसकी बाइक असंतुलित होकर पलट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। उधर, सरपतहां थाना क्षेत्र के गैरवाह गांव निवासी चंदन (40) सरायमोहिद्दीनपुर बाजार में ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। खुटहन थाना क्षेत्र के मरहट गांव निवासी अनिल कुमार(26) व सरपतहां थाना क्षेत्र खानपुर चौरवा निवासी अनिश(16) बाबू पुरवा गांव के समीप बोलेरो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल रमेश को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई। विधिक कार्रवाई की जा रही है। दूसरे सड़क हादसे में घायलो की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
अब बेटे के कंधों पर आ गई परिवार की जिम्मेदारी-शाहगंज। ताखा पश्चिम गांव निवासी रमेश की शुक्रवार की दोपहर बाइक पलटने से मौत के बाद अब बेटे आदित्य के कंधों पर परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी आ पड़ी है। दो साल पहले मां मीरा देवी का साया सिर से उठ ही चुका था। मां के जाने के बाद पिता ने जैसे-तैसे परिवार को संभाला। खुद मजदूरी करके बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी की। अब पिता के गुजरने के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। चार भाई-बहनों में आदित्य तीसरे नंबर पर है। अब परिवार के लिए वही एकमात्र सहारा है। दो बड़ी बहनों राधा और रागिनी की शादी हो चुकी है लेकिन सबसे छोटी बहन नीतू की शादी अभी बाकी है। ये जिम्मेदारी भी आदित्य के कंधों पर आ गई है। घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा। पिता की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए रिश्तेदारों को एक ही चिंता सता रही है कि अब इस टूटे परिवार का क्या होगा। लोगों ने आदित्य उर्फ गोविंद को ढांढस बंधाया
दो बाइक की की टक्कर में किशोर की मौत
मीरगंज। मछलीशहर वाराणसी हाईवे पर चौकी खुर्द गांव के पास शुक्रवार की देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक किशोर की मौत हो गई जबकि तीन किशोर घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। मछलीशहर वाराणसी एनएच 731-बी पर शुक्रवार को अगहुआ गांव निवासी अंकित यादव (16), आर्यन गुप्ता (17) बाइक से मछलीशहर से लौट रहा था। वहीं ननिहाल गोधना आए आयुष सरोज (16) बाइक से गोधना निवासी प्रांजल सरोज (19) को लेकर बंधवा बाजार की तरफ जा रहा था। चौकी खुर्द गांव के पास दोनों बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां आयुष सरोज की मौत हो गई। तीन अन्य लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पताल में चल रहा है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष विनोद अंचल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है।