शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोइरीडीहा बाजार में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की। ट्रक के शीशे भी तोड़ दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
कोइरीडीहा बाजार निवासी सभापति मौर्य के पुत्र साहिल (13) मंगलवार को हैंडपंप का वाशर लेने दुकान पर जा रहे थे। वह सड़क पार कर रहे थे, तभी शाहगंज से जौनपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। मौके पर ही साहिल की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। उसकी पिटाई की और ट्रक के शीशे भी तोड़ दिए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साहिल तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। छोटा भाई अंकित और सबसे छोटी आंचल है। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।