नेवढ़िया क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी से शादी की मांग पूरी कराने के लिए टावर पर चढ़ी। स्रोत-सं
नेवढ़िया (जौनपुर)। थानाक्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक किशोरी अपने प्रेमी से शादी करने की जिद लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। लगभग दो घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने किशोरी को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस के अनुसार, किशोरी का पड़ोस के गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते 2 अप्रैल को किशोरी की मां ने युवक पर शादी का झांसा देकर भगाने और शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर छह अप्रैल को उसे जेल भेज दिया था। प्रेमी के जेल जाने के चौथे दिन, बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे किशोरी गांव में लगे दूरसंचार टावर के ऊपरी हिस्से पर जा चढ़ी। यह देख बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। टावर पर चढ़ी किशोरी की बस एक ही रट थी- ‘प्रेमी को जेल से बाहर लाओ और मेरी शादी कराओ।’ सूचना मिलते ही नेवढि़या थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद किशोरी को नीचे उतारा जा सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोरी को आवश्यक कार्यवाही के बाद सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। क्षेत्र में यह घटना पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।