जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह सोमवार को होना है। राजभवन की टीम ने शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। खासकर छात्रावास और मेस के साथ छात्र सुविधाओं पर टीम की नजर रही।
टीम ने दिन भर परिसर का निरीक्षण किया तथा जरूरी सूचनाएं एकत्रित की। टीम के साथ कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन समेत समारोह स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अतिथियों के स्वागत, मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों का सबसे महत्वपूर्ण अवसर होता है, इसलिए प्रत्येक व्यवस्था उत्कृष्ट स्तर की होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए विद्यालय के विद्यार्थियों से भी बातचीत की और उन्हें उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी।
मुख्य अतिथि के रूप में मेजर जनरल गौरव गौतम (अति विशिष्ट सेवा मेडल), अपर महानिदेशक एनसीसी उपस्थित रहेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय अतिविशिष्ट अतिथि तथा राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि 26 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में पूर्वाभ्यास होगा। उन्होंने बताया कि छात्राओं के लिए सफेद सलवार, सफेद दुपट्टा एवं हल्के रंग का कुर्ता अथवा साड़ी तथा छात्रों के लिए सफेद या हल्के रंग की पूरी बांह की शर्ट और पैंट निर्धारित की गई है। जींस और टी-शर्ट पहनकर आने वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।