मड़ियाहूं।
तहसील बार एसोसिएशन के साधारण सभा की बैठक मंगलवार को अधिवक्ता भवन सभागार में बार अध्यक्ष घनश्याम मिश्र की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बार के एक वर्ष के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। चुनाव की घोषणा की गई। साधारण सभा के सदस्यों ने इस पर चर्चा की। एसोसिएशन के आगामी चुनाव के लिए प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की गई। सभा ने सर्वसम्मति से अधिवक्ता राम लखन पटेल को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया। निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सबसे पहले पैनल तैयार कर मतदाता सूची बनाई जाएगी। इसके बाद मतदाता सूची के आधार पर चुनाव की तिथि घोषित की जाएगी। बैठक में बार अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया नियमानुसार और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश श्रीवास्तव, सूर्यमणि यादव, मोहन लाल यादव, सुरेंद्र सिंह, राधाकृष्ण शर्मा, अशोक यादव सहित तहसील बार एसोसिएशन के अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।