बदलापुर में नहर से बाहर निकाली जा रही स्कूल बस। वीडियो ग्रैब
बदलापुर। सराय त्रिलोकी चौराहे के पास सोमवार की दोपहर में एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद नहर में चली गई। बस में करीब 35 बच्चे सवार थे। हादसे में सभी बच्चे सुरक्षित हैं। घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भलुआही वार्ड स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल की एक बस पहले से ही नहर किनारे खराब खड़ी थी। उसमें सवार बच्चों को दूसरी बस से घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे स्कूल की दूसरी बस बच्चों को लेकर वहां पहुंची। आरोप है कि तेज रफ्तार के चलते चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। वाहन पुलिया से टकराने के बाद नहर में घुस गई।
शिक्षक का कथित बयान वायरल
घटना का एक ग्रामीण ने वीडियो बना लिया। बस में सवार विद्यालय के एक शिक्षक का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में वह कहते सुनाई दे रहे हैं, किसी बच्चे को लगा नहीं है तो क्या हुआ, घुस गया तो घुस गया। इस कथित बयान को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो और बयान की पुष्टि नहीं कर रहा है।
सेंट जेवियर्स स्कूल की बस का पिछला टायर नहर में चला गया था। किसी तरह की कोई क्षति नहीं हुई है। सभी बच्चे सुरक्षित हैं। कुछ देर के लिए आवागमन बंद था। बस को हटवाने के बाद आवागमन शुरू करा दिया गया।
- फूलचंद पांडेय, बदलापुर थानाध्यक्ष