चंदवक, जौनपुर। क्षेत्र के बगेरवां गांव के समीप गाजीपुर मार्ग पर मंगलवार को स्कूल से घर लौट रही नौंवी की छात्रा दिशा वर्मा (14) को ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
चंदवक थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि जमुनीबारी निवासी दिशा वर्मा (14) पुत्री प्रमोद वर्मा चंदवक बाजार स्थित राष्ट्रीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। मंगलवार सुबह विद्यालय में हाफ-डे की छुट्टी होने के बाद वह अकेले ही साइकिल से घर लौट रही थी। वह चंदवक बाजार पार कर बगेरवा गांव के नाले के पास पहुंची थी। इसी दौरान गाजीपुर से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मारा। दिशा ट्रक के नीचे आ गई। घटना स्थल पर ही मौत हो गई। । आस-पास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक और चालक को घेर लिया। कुछ लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। चालक रामपलट यादव निवासी ग्राम गोला थाना चोलापुर वाराणसी को हिरासत में ले लिया। ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। छात्रा की मां मीरा देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है। दिशा चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी।