सिंगरामऊ क्षेत्र के करनपुर में लगी आग में जले रिहायशी छप्पर। स्रोत-संवाद
- फोटो : सड़क हादसे में वृद्ध की मौत के बाद जांच करती पुलिस।
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के धनीपुर कुद्दूपुर गांव में रेगुलेटर बदलते समय गैस सिलिंडर का पाइप लीक हो गया। इससे लगी आग से दंपती और तीन बच्चे झुलस गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। पांचों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि धनीपुर कुद्दूपुर गांव निवासी वीरेंद्र यादव (40) की पत्नी अनीता यादव (38) दोपहर में करीब 12 बजे घर में रेगुलेटर बदलने के बाद माचिस से चेक कर रही थी। इसी दौरान असावधानीवश सिलिंडर में लगी गैस पाइप लीक होने से आग लग गई। इससे अनीता आग की चपेट में आ गई। पत्नी को बचाने पहुंचे वीरेंद्र यादव भी झुलस गए। मौके पर पहुंची बड़ी बेटी कीर्तिका (14), वर्तिका (11) और श्रेयांश (8) भी आग की चपेट में आने से झुलस गए। शोर मचने पर पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए।
किसी तरह से आग बुझाई गई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि वीरेंद्र यादव, अनीता यादव और बड़ी बेटी कीर्तिका करीब 40 फीसदी झुलसी है। दूसरी बेटी वर्तिका और श्रेयांश को हल्की लपटें लगी हैं। देर शाम प्राथमिक उपचार के बाद बेटी वर्तिका और बेटे श्रेयांश का उपचार करने के बाद छोड़ दिया गया।
आग से चार घरों की गृहस्थी जलकर खाक
सिंगरामऊ। करनपुर गांव की पाल बस्ती में बृहस्पतिवार को अज्ञात कारणों से लगी आग से चार घरों की गृहस्थी जल गई। पीड़ित जगन्नाथ पाल ने बताया कि आग अचानक लगी और तेज हवा के कारण तेजी से फैल गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने कई झोपड़ीनुमा घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोग पानी व अन्य साधनों से आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घरों में रखे अनाज, कपड़े, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना मुखराज पाल, राम भरोस पाल, लाल बहादुर पाल की भी गृहस्थी जल गई। छप्पर में ही बांधी गई एक भैंस भी झुलसने लगी जिसको बचाने गए कमलेश पाल व विजय भी झुलस गए। कमलेश व विजय का उपचार सीएचसी बदलापुर में चल रहा है। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और नुकसान का जायजा लिया।