मल्हनी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छुंछा गांव में शुक्रवार की शाम एक किसान ऑनलाइन विज्ञापन देखकर भैंस खरीदने के चक्कर में दो लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गया। पीड़ित किसान ने मामले की जानकारी सरायख्वाजा थाने पर दी। इस मामले में पुलिस ने सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपराध निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज जिले के कैथवल गांव निवासी किसान विनोद कुमार पांडेय ने शनिवार को तहरीर देकर पुलिस को बताया कि उसने मोबाइल पर एक ऑनलाइन विज्ञापन देखा। इसमें अच्छी नस्ल की भैंस बिकने की बात कही गई थी। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने विनोद को बताया कि भैंस की कीमत करीब दो लाख पंद्रह हजार रुपये है। साथ ही उसे जौनपुर आकर भैंस देखने की बात कही गई। विनोद पांडेय विश्वास में आकर शुक्रवार शाम लगभग सात बजे जौनपुर पहुंचे और मड़ियाहूं मार्ग पर स्थित फ्लाईओवर के पास दिए गए नंबर पर दोबारा संपर्क किया। थोड़ी ही देर में एक चार पहिया वाहन से तीन अज्ञात व्यक्ति आए और विनोद को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद वे उसे सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छुंछा जलालपुर गांव में एक सुनसान स्थान पर लेकर पहुंचे, जहां पहले से चार अन्य युवक मौजूद थे।
जब तक रकम नहीं दोगे, भैंस नहीं दिखाई जाएगी-गाड़ी में बैठे एक व्यक्ति ने विनोद से कहा कि जब तक वह बताई गई रकम नहीं देगा, भैंस नहीं दिखाई जाएगी। विनोद ने उनके झांसे में आकर लगभग दो लाख रुपये नकद उन्हें सौंप दिए। इसके बाद ठगों ने विनोद से थोड़ी देर इंतजार करने को कहा और खुद वहां से गायब हो गए। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब कोई नहीं लौटा, तो विनोद को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने सरायख्वाजा थाने पर जाकर घटना की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अपराध निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।