खेतासराय में पहली बारिश नहीं झेल पाया नाला हुआ ध्वस्त । संवाद
खेतासराय। नगर पंचायत के विद्यापीठ वार्ड में 39.10 लाख की लागत से लगभग 10 महीने पहले बनाया गया नाला बरसात में शनिवार को धराशायी हो गया। नाले की दोनों दीवारें आपस में सिमट गईं। इससे जल निकासी ठप हो गई है। आसपास के क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन गई है। गांव के भाईलाल सोनकर का आरोप है कि पुराने नाले पर दो रद्दा नई ईंटें जोड़कर भुगतान करा लिया है। नगर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्टेट बैंक के सामने भोला की दुकान से गोरारी पुलिया तक नाले का निर्माण कराया गया था। करीब 10 महीने पहले बने इस नाले को गोरारी के मुख्य नाले से जोड़ा गया था, जिससे कस्बे की विभिन्न गलियों की नालियों का पानी और बारिश का पानी गोरारी पुलिया के पास पहुंचकर आगे निकल सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाला का निर्माण होने के बाद उम्मीद थी कि बरसात में कस्बे के लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी, लेकिन पहली ही बरसात ने निर्माण की गुणवत्ता की पोल खोल दी। तेज बारिश के बाद नाले की दीवारें दबकर एक-दूसरे की ओर झुक गईं और कई स्थानों पर नाले का रास्ता संकरा होकर बंद हो गया। इससे पानी की निकासी बाधित हो गई है। नाले के क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश का पानी आसपास के खाली स्थानों में जमा हो रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और क्षतिग्रस्त नाले की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। वहीं, नाले के पास बने इंटरलॉकिंग का काम भी अधूरा पड़ा है।
जिम्मेदारों की निगरानी पर भी उठे सवाल
39.10 लाख की लागत से कराए गए निर्माण के महज कुछ महीनों में क्षतिग्रस्त होने से कार्य की निगरानी और गुणवत्ता की जांच पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण के दौरान मानकों का ध्यान रखा गया होता तो नाला इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त नहीं होती। अब नगर पंचायत के सामने नाले की मरम्मत के साथ जल निकासी व्यवस्था को दोबारा सुचारु करने की चुनौती है।
पुराने नाले पर महज दो रद्दा ईंट जोड़कर नए नाले का निर्माण दिखाते हुए भुगतान करा लिया गया। पहली ही बारिश में नाला ध्वस्त हो गया, इससे जलनिकासी प्रभावित हो गई। मामले की जांच करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
- भाईलाल सोनकर, सभासद, विद्यापीठ वार्ड
नाला ध्वस्त होने से जलनिकासी बाधित हो गई है। इससे मोहल्लों में जगह-जगह जलभराव हो जा रहा है। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं मच्छरजनित बीमारियों का डर बना रहता है। जल निकासी की शीघ्र व्यवस्था किया जाए।
- भोला बरनवाल, विद्यापीठ वार्ड
नाला क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वार्डवासियों को परेशानी न हो इसका ध्यान दिया जा रहा है।
-अलका मौर्या, ईओ, नगर पंचायत खेतासराय