रामपुर। सड़क हादसे में मृत किशोर सूरज गुप्ता की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
रामपुर। थाना क्षेत्र के मई गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की देर रात करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। बेकाबू ट्रेलर की टक्कर से सड़क किनारे खड़ी डीसीएम दस फीट दूर स्थित एक मकान में जा घुसी।
बरामदे में अलग-अलग खाट पर सो रही महिला समेत तीन लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद बड़े भाई की मौत हो गई है जबकि छोटे भाई की हालत नाजुक बनी हुई है। पिता राजेश गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात ट्रेलर चालक और डीसीएम चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि जौनपुर की ओर से भदोही जा रहा तेज रफ्तार से खाली ट्रेलर जा रहा था। रात करीब 12 बजे मई गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खड़ी डीसीएम से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर से डीसीएम वाहन घिसटते हुए दस फीट दूर तक राजेश गुप्ता के मकान में जा घुसा। चबूतरे पर अलग-अलग चारपाई पर सो रहे दो सगे भाई सूरज गुप्ता (17), छोटा भाई राजकुमार (15) और पड़ोसी मंजू देवी डीसीएम की चपेट में आ गई।
हादसे में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजकुमार और मंजू गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राजकुमार की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इधर, सूचना पर पहुंची रामपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और डीसीएम को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रामपुर। सड़क हादसे में मृत किशोर सूरज गुप्ता की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
रामपुर। सड़क हादसे में मृत किशोर सूरज गुप्ता की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन