टीडी इंटर कालेज में पुरातन छात्र सम्मेलन को संबोधित करते महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री क
जौनपुर। टीडी इंटर कॉलेज के सभागार में शनिवार को आयोजित पुरातन छात्र सम्मेलन यादों, सम्मान और भावनाओं का संगम बन गया। करीब एक हजार पूर्व छात्र वर्षों बाद एक ही मंच पर जुटे तो कॉलेज के दिनों की स्मृतियां फिर से जीवंत हो उठीं। पुराने साथियों से मुलाकात और गुरुजनों के प्रति सम्मान ने कार्यक्रम को भावुक बना दिया।
मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। पढ़ाई तो हर कोई करता है, लेकिन सही मायने में शिक्षित वही होता है जो अपने ज्ञान का उपयोग समाज और देश के हित में करे। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के पुरातन छात्र उसकी सबसे बड़ी धरोहर होते हैं। देश-विदेश में रहकर पूर्व छात्र अपने संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं, जो गर्व की बात है।
समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए गुरुजनों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि वर्षों बाद सभी साथियों का एक मंच पर मिलना गर्व और खुशी का अवसर है। ऐसे आयोजन न केवल पुरानी यादों को ताजा करते हैं, बल्कि संस्थान और पूर्व छात्रों के बीच रिश्तों को भी मजबूत बनाते हैं। सम्मेलन में पहुंचे करीब एक हजार पूर्व छात्र पुराने मित्रों से मिलकर उत्साहित नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में आत्मीयता और उत्साह का माहौल बना रहा।