सड़क दुर्घटना में मृत 8 वर्षीय बालक दक्ष सरोज। स्रोत-संवाद
पवारा (जौनपुर)। जौनपुर-रायबरेली नेशनल हाईवे से सटे पवारा-जंघई मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में 8 वर्षीय मासूम की जान चली गई। सजईकला बसुही नदी के पास खेत किनारे अपने बच्चों को गोद में लेकर खड़े एक दंपती को बेकाबू बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माता-पिता और 5 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। मूल रूप से मुंगराबादशाहपुर के बहोरिक पुर निवासी दीपेंद्र सरोज सजई कला में जमीन खरीदकर खेती करते हैं। दी गई तहरीर के अनुसार, दीपेंद्र अपनी पत्नी अंजू देवी, बेटे दक्ष (8) और बेटी शिवांगी (5) को गोद में लेकर खेत के किनारे खड़े थे। तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों लोग दूर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो बाइक सवार अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 8 वर्षीय दक्ष सरोज को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दंपती और मासूम शिवांगी का उपचार चल रहा है। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से बाइक को कब्जे में ले लिया है और गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।