सुइथाकला। सुइथाकला स्थित कम्मरपुर गांव में 132/220 केवीए पावर हाउस निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र के लगभग पांच लाख बिजली उपभोक्ताओं को ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।
वर्तमान में 132 केवी शाहगंज पावर हाउस से एक दर्जन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र संचालित हो रहे हैं। क्षेत्र में लगातार बढ़ती बिजली मांग के कारण यह उपकेंद्र क्षमता से अधिक भार वहन कर रहा है। ऐसे में इसकी क्षमता बढ़ाकर 220 केवी करना आवश्यक हो गया था। शाहगंज परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध न होने के कारण सुइथाकलां के कम्मरपुर गांव में ग्राम्य विकास विभाग की भूमि को परियोजना के लिए चिन्हित किया गया है। शाहगंज से सुभासपा के विधायक रमेश सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती बिजली आवश्यकता को देखते हुए मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री के समक्ष 220 केवी पावर हाउस की मांग रखी गई थी। स्वीकृति मिलना क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। नए पावर हाउस के निर्माण से शाहगंज और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अधिक सुदृढ़ होगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।