मड़ियाहूं। कसबे में उपकेंद्र पर लगे ब्रेकर में फाल्ट आने से पिछले 40 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। लोगों के सामने पेयजल का संकट उत्पन्न हो गया है। कसबे में लगे दो हैंडपंपों पर पानी के लिए लंबी लाइनें लग रही हैं। कस्बे के लोगों ने बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत एसडीओ से की तो आश्वासन मिला लेकिन बिजली समस्या से निजात नहीं मिली। बिजली न मिलने से लोगों नींद हराम हो गई है।
कस्बे के 132 विद्युत उपकेंद्र पर 48 घंटे पहले लगा ब्रेकर जल गया। ब्रेकर जलते ही कस्बे की बिजली गुल हो गई। काफी देर तक बिजली नहीं आई तो लोग विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे तो पता चला कि ब्रेकर में फाल्ट हो गया है। उपकेंद्र पर कार्यरत कर्मियों ने कहा कि जब ब्रेकर बन जाएगा तभी बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। विद्युत अनापूर्ति से सबसे अधिक दिक्कत पेयजल की हो रही है। कस्बे के लोगों के सामने पेयजल आपूर्ति का संकट खड़ा हो गया है। दो हैंडपंप मड़ियाहूं बाजार में लगे हैं। इन हैंडपंपों पर लोगों में पानी के लिए जद्दोजहद चल रही है। पानी लेने के लिए कुछ लोगों में तो कहासुनी भी हो जा रही है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से पानी की सप्लाई हो नहीं पा रही है जिससे पानी का संकट हो गया है। बिजली मंगलवार शाम पांच बजे तक बहाल नहीं की गई थी। एसडीओ मनोज विश्वकर्मा का कहना है कि ब्रेकर जल गया है। ब्रेकर की खराबी को दूर करने में कर्मचारी लगे हैं। ब्रेकर ठीक होते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।