दुबहर। क्षेत्र के श्रीरामपुर स्थित ढाले पर गुरुवार की रात चोरों ने दो सर्राफा दुकान से ताला तोड़कर उसमें रखा लाखों के सोने-चांदी के आभूषण उठा ले गए। घटना की जानकारी सुबह दुकानदार को मकान मलिक ने दी। चोरी की सूचना पाकर भागे-भागे दुकान घटना स्थल पर पहुंचे। दुकान में रखा आभूषण गायब देख उनका होश उड़ गया।
दुबहर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर ढाले पर बंधुचक निवासी योगेंद्र और सोनू की अलग-अलग सर्राफा की दुकानें हैं। दोनों दुकानदार प्रतिदिन की तरह गुरुवार की शाम अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। रात को मौका पाकर चोरों ने दोनों के दुकानों का ताला तोड़ दिया। साथ ही योगेंद्र ज्वेलर्स 20 ग्राम सोना, साढ़े सात सौ ग्राम चांदी, कीमती मोती, नग और नकदी 5000 रुपये और सोनू ज्वलेर्स का 20 ग्राम सोना, एक किग्रा. चांदी, कीमती मोती, मेडल, माला, नग सहित लाखों का आभूषण चोरों ने गायब कर दिया। इसकी सूचना सुबह जब दुकानदारों को हुई तो उनका होश उड़ गया। दुकानदारों ने दुकान पर पहुंच इसकी सूचना पुलिस को दी। इस बाबत दुबहर थानाध्यक्ष शरद चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि जल्द ही चोरों का पता कर लिया जाएगा। साथ ही रात में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी।