मछलीशहर। कस्बे से सुजानगंज जाने वाले रोड पर सराय युसुफ गांव के बाहर सड़क पर स्थित किराना स्टोर संचालक को बदमाशों ने लूट लिया। किराना स्टोर में पढ़ रहे बच्चों को मच्छरदानी से बांध दिया और जाते वक्त शटर के नीचे दबा दिया। घटना मंगलवार सुबह की है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस बाबत उसे कोई जानकारी नहीं है।
मुंगरहा निवासी रघुराज बिंद की लबे रोड स्थित सराय युसुफ गांव में दुकानें हैं। एक दुकान में किराना स्टोर चलाते हैं तथा दूसरी में रहते भी हैं। रघुराज बिंद सुबह शौच के लिए निकले थे तथा दोनों बेटे सुभाष (15) और राजवीर (10) लालटेन जलाकर सुबह पढ़ाई कर रहे थे। इसी बीच तीन की संख्या में बदमाश पहुंचे और बच्चों के मुंह पर कपड़ा बांध दिया। फिर हाथ पैर बांध दिए। उसके बाद किराना की दुकान में घुस गए। उधर, बच्चे डरे सहमे अपने कमरे में ही पड़े रहे। मुंह और हाथ पैर बंधा होने के नाते आवाज भी नहीं निकाल पा रहे थे। किराना स्टोर में घुसे बदमाशों ने एक बैग में रखा चांदी के लच्छे (पायल), कर्णफूल तथा दो झुमका पार कर दिया। बदमाश एक हजार रुपया नगद भी उठा ले गए। बच्चों को उठाया और दुकान के शटर के नीचे दबाकर तीनों भाग निकले। कुछ देर बाद शौच से लौटे रघुराज बिंद ने शटर के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला। रघुराज और बच्चे चिल्लाए तो आसपास के लोग भी दौड़े। सुबह-सुबह लूट की घटना से सराय युसुफ गांव के लोग भी सहम गए। उधर, कोतवाली प्रभारी का कहना है कि ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। यदि शिकायत मिलेगी तो जांच कराएंगे।