जौनपुर। पारा चढ़ने के साथ-साथ पानी की समस्या भी जोर पकड़ती जा रही है। विभाग की लापरवाही से कहीं पानी बर्बाद हो रहा है तो कहीं पानी का पता नहीं है। कुछ ऐसा ही हाल है जफराबाद के जमैथा और सुरेरी के भानपुर का।
जमैथा गांव के शिवपुर मोहल्ले में जलनिगम की पाइप लाइन लंबे समय से टूटी पड़ी है। आपूर्ति के समय घंटों पानी सड़क पर बहता रहता है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पानी के लगातार बहाव से घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। नवनिर्मित सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई है। बीच में पाइप टूटने से पूरा पानी सड़क पर बह जा रहा है और लोेग पानी का संकट झेल रहे हैं। लोगों का कहना है कि जलनिगम के अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी पाइप की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। सुरेरी: क्षेत्र के अंबेडकर गांव भानपुर में करोड़ों रुपये खर्च कर बनी पानी की टंकी शोपीस बनी है। पानी की सप्लाई शुरू न होने से इस भीषण गर्मी में लोग परेशानी झेल रहे हैं। बीते सात अप्रैल को पूर्व प्रधान विजय बहादुर पटेल के साथ अनिल कुमार पटेल, शशिकांत पटेल, हसनैन शाह, नरसिंह बहादुर सिंह, शिव कुमार, अनिल कुमार, सूर्यबलि, चंद्रेश, सागर, साहब लाल, छबीले, पुचई राम, सुभाष चंद वर्मा, लाल बहादुर पटेल, पारसनाथ गौड़, बाबा कंहार सहित अन्य ग्रामीणों ने लघु सिंचाई एवं पशुधन मंत्री पारसनाथ यादव को एक प्रार्थना पत्र सौंप समस्या से अवगत कराया था। मंत्री ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को तत्काल निस्तारण कराने का निर्देश दिया था। ग्रामीणों के मुताबिक अभी तक स्थिति जस की तस बनी है। घर-घर पाइपलाइन पहुंचने के बावजूद पानी की सप्लाई नहीं हो रही। पानी भरने के लिए चिलचिलाती धूप में लोग कोसों दूर जाते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करा कर समस्या का निदान कराने की मांग की है।