फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस के सामने हुई लड़की पक्ष की पिटाई

Thu, 12 Jun 2014 05:31 AM IST
Jaunpur
विज्ञापन
विज्ञापन
सुइथाकला। मार का बदला मार। कुछ इसी तर्ज पर पुलिस की सरपरस्ती में पुत्री की विदाई करा कर ले जा रहे उसके घर वालों पर कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ लाठियां और घूंसे बरसा कर प्रतिशोध की आग बुझाई। बदले की आग में जल रहे हमलावरों ने गांव की बहू को भी नहीं बख्शा। सामने आई तो उसे भी पीटा और गहने-कपड़े लेकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। मामला सरपतहां थाना क्षेत्र के अतरडीहा गांव का है। समीप के एक निजी चिकित्सालय में घायलों का उपचार कराया गया।
विज्ञापन

अतरडीहा गांव निवासी हरिराम का विवाह गत चार जून को आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के अमदही गांव निवासी राजेंद्र की बेटी पुष्पा के साथ हुआ था। विवाह के दिन द्वारपूजा के समय डीजे पर डांस करने को लेकर घराती और बाराती आपस में भिड़ गए थे। इस दौरान हुई मारपीट में कई लोगों को चोटें आईं थीं। बारात में गए कुछ बारातियों ने यह ठान लिया कि जब घराती पक्ष के लोग विदाई कराने के लिए अतरडीहा गांव आएंगे तो उनको सबक सिखाया जाएगा। इसकी भनक किसी तरह राजेंद्र को लग गई थी। उसने गांव आने से पहले इसकी जानकारी शाहगंज सीओ सगीर अहमद को दी। उन्होंने सरायमोहद्दीन चौकी से एक सिपाही को सकुशल विदाई कराने के लिए उनके साथ भेज दिया। सिपाही ने ग्राम प्रधान से भी बात की। विदाई कराने के बाद राजेंद्र और उसके परिवार के लोग बोलेरो गाड़ी से गांव से कुछ दूर ही पहुंचे थे कि तभी कुछ लोग सामने आ गए और गाड़ी रोकवा दी। गाड़ी में सिपाही मौजूद था। इसके बावजूद उन लोगों ने राजेंद्र, उसके भाई सिकंदर, भांजा जितेंद्र, पत्नी ज्ञानमति और बेटी पुष्पा की पिटाई शुरू कर दी। भुक्तभोगियों का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी एक अटैची भी ले भागे। इसमें 70 हजार रुपये मूल्य के गहने और कपड़े थे। इसकी जानकारी सिपाही ने थानेदार विजय बहादुर सिंह को दी। जानकारी होते ही जैसे ही वह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचते, इससे पहले ही मारपीट कर रहे लोग भाग निकले। पुलिस घायलों को थाने ले गई। इसके बाद उनका पास के एक निजी चिकित्सालय में उपचार कराया गया। भुक्तभोगियों की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। थानाध्यक्ष विजय बहादुर का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें