फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली-पानी के मुद्दे पर फूटा गुस्सा

Wed, 11 Jun 2014 05:31 AM IST
Jaunpur
विज्ञापन
विज्ञापन
जौनपुर। बिजली-पानी की दुर्व्यवस्था को लेकर जनाक्रोश बढ़ चला है। भीषण गर्मी में कहीं कई दिनों से बिजली के दर्शन नहीं हो रहे हैं तो कहीं हलक तर करने के लिए पानी बड़ी मुश्किल से मयस्सर हो रहा है। चार दिन से जले ट्रांसफार्मर का दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं किए जाने के विरोध में मंगलवार को शहर के पॉश इलाके चहारसू चौराहे और कोतवाली के बीच में स्थित हरलालका रोड पर शहरवासियों का गुस्सा फूटा। दर्जनों की संख्या में लोगों ने बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके में दिन के 11 बजे सड़क जाम कर दी। इसके बाद शहर की रफ्तनी जाम हो गई। तकरीबन सवा घंटे तक चले चक्काजाम के दौरान बिजली महकमा और प्रशासन को प्रदर्शनकारियों ने बिजली के मुद्दे पर जमकर खरी-खोटी सुनाई। उनकी मांग मौके पर प्रशासन के किसी जिम्मेदार अधिकारी के आने की थी। जाम के चलते सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे लोग बिलबिला उठे। जानकारी मिलने के बाद कोतवाल सीबी सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाना बुझाना शुरू किया। कोतवाल के इस आश्वासन के बाद कि शाम तक ट्रांसफार्मर ठीक करवा दिया जाएगा, प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया। विरोध जताने वालों में मुख्य रूप से उमेश सेठी, संतोष राज, आसिफ आब्दी, वसी हसन, सोहन लाल, सोज हसन समेत तमाम दुकानदार और नागरिक शामिल थे।
विज्ञापन


इनसेट
खाली-डिब्बा और बाल्टी लेकर सड़क पर उतरे लोग
दस से दिन जलालपुर में नहीं हो रही पेयजल आपूर्ति
जलालपुर। प्रचंड गर्मी में दस दिन से पेयजल किल्लत झेल रहे कस्बेवासियों के सब्र का बांध मंगलवार को टूट गया। खाली बाल्टी और डिब्बे के साथ युवा, महिलाएं और बच्चे सड़क पर उतर गए और जमकर हंगामा किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जल निगम के खिलाफ नारेबाजी की गई। विभागीय अधिकारियों ने समस्या के निदान का भरोसा दिलाया है।
जलालपुर कस्बे में पिछले करीब दस दिनों से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। हलक सोखती गर्मी में पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों के लिए विभागीय उदासीनता मंगलवार को बर्दाश्त से बाहर हो गई। लिहाजा बच्चे, महिलाएं और युवा घर से खाली बाल्टी और डिब्बा लेकर सड़क पर उतर कर जलनिगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उनका कहना था कि जल निगम के लोग अपनी जिम्मेदारी को लेकर गंभीर नहीं हैं। लोगों को पानी के लिए दूर-दूर जाना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी अगर एक-दो दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे लोग जिला मुख्यालय का घेराव करेंगे।
विज्ञापन


टंकी की नहीं होती सफाई
बाजार निवासी परशुराम अग्रहरि ने कहा कि जल निगम की टंकी की सफाई नहीं होती। इससे प्रदूूषित जल आता है। लोग वही पानी पीने को मजबूर हैं। बाजार के अंकित गुप्ता, सुनीता देवी, शांति देवी ने कहा कि दस दिन से पानी बंद है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि पानी से संबंधित शिकायतों से उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। प्रदर्शन करने वालों में डा. परशुराम, अलीम, सियाराम गुप्ता, नंदलाल अग्रहरि, चंदन अग्रहरि, दयाराम साहू, हनुमान गुप्ता समेत तमाम लोग शामिल थे। जल निगम के फीटर बबऊ राम ने बताया कि कुछ स्थानों पर पाइप लीकेज और जाम की समस्या है। इसके कारण पानी सप्लाई बाधित है। उधर जेई जलनिगम आरके भारती ने कहा कि कई स्थानों पर पाइप लाइन 10 से 12 फीट नीचे हो गई है। इससे कहीं कहीं पानी ब्लाक हो गया है। इसे दुरुस्त करवाने की दिशा में काम हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें