खुटहन। क्षेत्र पंचायत की बैठक में बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा का मुद्दा छाया रहा। पंचायत प्रतिनिधियों के शोरशराबे के बीच विकास कार्य के लिए एक करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। क्षेत्र पंचायत की बैठक मंगलवार को खुटहन ब्लाक मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित की गई थी।
ब्लाक प्रमुख रमेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक की कार्यवाही शुरू हुई तो पहले ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्यों ने बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं उठाईं। कई पंचायत प्रतिनिधियों का कहना था कि मौसम का तापमान दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है, लेकिन बिजली, पानी की व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। खराब हैंडपंपों की मरम्मत के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों की भी बात अनसुनी कर दी जाती है। अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए गए। कहा कि सरकारी अस्पताल आने वाले मरीजों की जांच के बाद उन्हें बाहर से दवाएं लिख दी जाती हैं। अस्पताल में कुछ सामान्य दवाओं को छोड़ महंगी दवाएं नहीं होती। परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने की भी मांग उठाई गई। पशु चिकित्साधिकारी डा. चंद्रभान ने बताया कि गर्मी के दिनों में हरे चारे में हमेशा पानी देते रहना चाहिए। गर्मी के चलते हरे चारे में संक्रामक रोग होने की आशंका बढ़ जाती है। ब्लाक प्रमुख रमेश सिंह ने खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत का निर्देश दिया। बैठक का संचालन खंड विकास अधिकारी शंभूदयाल वर्मा ने किया। इस मौके पर श्यामबहादुर यादव, सीडीपीओ मुकेश सिंह कुशवाहा, अजीत सिंह, रामदुलार यादव, राज महातिम यादव, फूलचंद्र यादव, विमलेश शुक्ला, जितेंद्र सिंह, आकाश श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।