मछलीशहर। नगर पंचायत द्वारा फुटपाथ की दुकानों को हटाने की जानकारी मिलने के बाद दुकानदारों ने शनिवार को तहसील परिसर में हंगामा किया। तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया। दुकानदारों का कहना है कि नगर पंचायत गुपचुप तरीके से दुकानदारों को हटाने की फिराक में है। व्यापारी इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
मोहल्ला सादीगंज के दुकानदारों का कहना है वे पिछले 50 वर्ष से फुटपाथ पर दुकान लगा रहे हैं। अब नगर पंचायत उन्हें बेदखल करने की साजिश कर रहा है। सड़क के किनारे छतरी लगाकर किसी अपना परिवार चला रहे हैं। बगैर किसी सूचना के दुकानों को हटाने की लिए योजना बनाई जा रही है। तहसीलदार ज्ञानचंद्र गुप्त ने अधिशासी अधिकारी धर्मराज को बुलाकर मामले का निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने दुकानदारों को आश्वासन दिया कि उनके साथ न्याय किया जाएगा। पत्रक देने वालों में सभासद गुलाम रसूल, होरीलाल, महताब आलम, मो कलाम, परवेज, अजीत कुमार आदि शामिल थे।