गौराबादशाहपुर। खलसहां गांव में दर्जा प्राप्त मंत्री रहे सतई राम यादव के घर 28 मई को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आ रहे हैं। उनके आने से पहले मंगलवार को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र संजय कक्कड़ ने खलसहां गांव में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मातहतों को सुरक्षा के इंतजाम में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उनके साथ डीएम और एसपी भी मौजूद रहीं।
गत 19 मई को दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे सतई राम यादव समेत उनके गार्ड और चालक की मौत हो गई थी। उनके परिवार के लोगों से शोक जताने और ढांढस बंधाने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 28 मई को आ रहे हैं। इसके लिए मंगलवार को डीआईजी संजय कक्कड़ ने खलसहां गांव में निरीक्षण किया। डीआईजी मंगलवार को सीधे दिवंगत राज्यमंत्री सतई राम यादव के घर पहुंचे। यहां पहले से ही थानेदार बिंद कुमार अपने हमराहियों के साथ मौजूद थे। डीआईजी ने मातहतों को सुरक्षा के मद्देनजर दिशा-निर्देश दिया। मातहतों से कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न बरती जाए। उनके साथ डीएम सुहास एलवाई और एसपी हैप्पी गुप्तन भी मौजूद रहीं। इसके बाद वह सीधे हैलीपैड गए। हैलीपैड का निरीक्षण किया। करीब 35 मिनट के निरीक्षण करने के बाद वह लौटे।