मछलीशहर सीट के सामान्य प्रेक्षक ने की बैठक
बैठक के बाद मतगणना स्थल का किया निरीक्षण
जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को मछलीशहर संसदीय क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक अटल डल्लू आईएएस ने सहायक व्यय प्रेक्षक और लेखा टीम के साथ बैठक की। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी सुहास एलवाई भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि गत दस अप्रैल को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में बताया गया था कि प्रत्याशी ऑनलाइन नामांकन भी कर सकता है। इसके अलावा इसमें शपथ पत्र के सभी कॉलम को भरने का निर्देश भी दिया गया था। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अपील की कि वह 12 मई को मतदान के दिन बूथ पर जाकर मतदान अवश्य करें। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों के चुनाव खर्च के अनुश्रवण के लिए जिला स्तर पर एक मीडिया प्रमाणन और अनुवीक्षण समिति का गठन किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि प्रत्याशी/चुनाव एजेंट का संयुक्त खाता अथवा प्रत्याशी बैंक में चुनाव से संबंधित नया खाता खुलवाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी चुनाव के दौरान उस खाते से नकदी के रूप में सिर्फ 20 हजार रुपये निकाल सकते हैं। इसके अलावा सभी व्यय चेक के माध्यम से किए जाएंगे। नामांकन से मतगणना तक का व्यय प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जाएगा। इसके अलावा जरूरी सूचनाएं भी देनी होगी। व्यय अनुवीक्षण सेल के प्रभारी अधिकारी संजय कुमार राय ने भी जानकारी दी। बैठक के बाद प्रेक्षक ने टोल फ्री नंबर 18001801616 का निरीक्षण किया। साथ ही विधानसभावार प्राप्त शिकायती पंजिकाओं का अवलोकन किया और शिकायतों के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। इसके बाद उप जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ मतगणना स्थल मंडी परिषद चौकिया का निरीक्षण किया। इस मौके पर ईवीएम प्रभारी एके सिंह, लाइजन आफिसर बीपी सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी रमाकांत राम आदि मौजूद रहे।