मीरगंज। थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव निवासी संतोष सरोज की पत्नी नीलम की रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने से मौत हो गई। वह मायके में रह कर पीसीएस की तैयारी कर रही थी। कुछ दिन पहले वह अपने ससुराल आई थी। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
इलाहाबाद जिले के सराय इनायत थाना क्षेत्र के लोढ़वा गांव निवासी जीतलाल पीलीभीत जिले में हजारा थाना अंतर्गत कंबोजर पुलिस चौकी के इंचार्ज हैं। उनकी बेटी नीलम 25 का विवाह जून 2012 में मीरगंज थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव निवासी संतोष सरोज के साथ हुआ था। नीलम मायके में ही रहती थी। यहीं रह कर वह पीसीएस की तैयारी कर रही थी। पिता जीतलाल का आरोप है कि कुछ दिन पहले संतोष उनके घर आया और उनकी बेटी को लेकर अपने साथ चला गया। आरोप है कि नीलम के ससुराल के लोग दस लाख रुपये की मांग कर रहे थे। जबकि पिता का कहना है कि विवाह में तीन लाख रुपये नकद, बाइक समेत तमाम सामान दिया था। इसके बावजूद रुपये की मांग बार-बार हो रही थी। नीलम के ससुरालीजनों के मुताबिक रविवार को वह छत पर कमरे में थी। अचानक उसके चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तो परिवारीजन दौड़ते हुए अंदर गए और देखा कि वह जल रही थी। किसी तरह आग बुझाई और उसे सीएचसी मछलीशहर पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर उसके पिता जीतलाल भी पहुंच गए। पति ने कहा कि शाम तक सब कुछ ठीक था। अचानक यह सब कैसे हो गया, यह हैरत की बात है। उधर नीलम के पिता जीतलाल ने पुलिस को तहरीर दी और ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। उनकी तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीन पर दहेज हत्या का मुकदमा
सिकरारा। थानाक्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी अमरीश कुमार सिंह की पत्नी शशिबाला सिंह की संदिग्ध परिस्थिति में झुलसने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शशिबाला सिंह शनिवार को झुलस गई थी। परिवारीजनों ने उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में मायके वालों की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।