जौनपुर। गरीबी के आधार पर आरक्षण का लाभ देने की मांग को लेकर किसान समाज पार्टी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। संगठन के लोगों ने अपनी मांग से संबंधित प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
किसान समाज पार्टी के राष्ट्रीय मसासचिव शैलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने अपनी मांग को लेकर नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित धरना सभा में शैलेश सिंह ने कहा कि जाति के आधार पर दिया जा रहा आरक्षण ठीक नहीं है। इससे गरीबों का हित नहीं हो रहा है। सामान्य जाति के गरीबों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। आरक्षण की श्रेणी में आने वाली जाति के गरीब भी आरक्षण के लाभ से वंचित हो रहे हैं। आरक्षण की श्रेणी में आने वाली जातियों के अमीरों को इसका लाभ मिल रहा है। जबकि आरक्षण की व्यवस्था सभी को बराबरी का दर्जा देने के लिए की गई थी। जाति आधारित आरक्षण संविधान की मूल भावनाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि चुनाव से लेकर नौकरी और प्रमोशन के लिए भी जाति के नाम पर आरक्षण का लाभ नहीं मिलना चाहिए। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष बंश बहादुर सिंह, सुधीर कुमार सिंह, पीएन तिवारी, कृष्ण मुरारी शुक्ला, कांता राम, विजय कुमार शुक्ला आदि मौजूद थे।