जौनपुर। चुनाव में खर्च के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बनाए गए सिस्टम की जानकारी शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राधेश्याम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में व्यय अनुवीक्षण सेल के प्रभारी संजय राय ने लोगों को जानकारी दी। बैठक में मौजूद सभी राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों को व्यय अनुवीक्षण सेल सिस्टम की हार्ड कापी भी उपलब्ध कराई गई। बताया गया कि किसी भी प्रत्याशी को नामांकन दाखिल करने से एक दिन पहले ही राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता खोलना होगा। 20 हजार से अधिक का भुगतान एकाउंट पेयी चेक के माध्यम से ही किया जा सकता है। 20 हजार से कम खर्च का भुगतान नकद कर सकते हैं। प्रत्याशियों की ओर से किए जाने वाले खर्च और आदर्श आचार संहिता की निगरानी के लिए बनी सभी टीमों के बारे में भी उन्हें जानकारी दी गई। बताया गया कि व्यय प्रेक्षक किसी भी समय उनके खर्च रजिस्टर की जांच कर उसका सत्यापन भी कर सकते हैं। निर्वाचन संबंधित व्यय के विभिन्न मदों की दरों पर विचार विमर्श कर दर भी निधारित की गई। एडीएम ने बताया कि सभी बैंकों को पत्र जारी कर यह निर्देश दिया गया है कि प्रत्याशियों का खाता खोलने के लिए वे बैंक में अलग काउंटर की स्थापना करें। इसके बाद भी अगर किसी बैंक में खाता खोलने में हीलाहवाली की जा रही हो तो उसकी शिकायत डीएम से करें। नगर मजिस्ट्रेट रामनरेश पाठक ने सभी प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ एजेंटों के माध्यम से यह पता कर लें कि मतदाता सूची में जिसका नाम छूटा हो, उसका नाम शामिल करवाने के लिए आवेदन कर दें। इस मौके पर एसएन दुबे, कन्हैया लाल, बीके सिंह, एके मिश्र, एनके राय, अखिलेश सिंह, हरेंद्र सिंह, देवानंद मिश्र, श्यामबहादुर पाल, डा. सत्येंद्र सिंह, बजरंग बहादुर आदि मौजूद थे।