शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी
डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के कोपा गांव में पुलिस ने अवैध शराब बनाने का कारखाना पकड़ा है। एक कमरे में शराब की रीपैकिंग समेत देशी शराब तैयार करने की फैक्ट्री चलती पाई गई। पुलिस के पहुंचने पर एक युवक भाग निकला लेकिन दो लोग दबोच लिए गए। कमरे से 260 पेटी शराब, शराब बनाने के उपकरण, पैकिंग मशीन, रैपर, खाली शीशी, होलोग्राम बरामद हुआ। शराब की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कोपा गांव में शराब का अवैध कारोबार चलता है। इस सूचना पर थानेदार रवींद्र श्रीवास्तव, दारोगा राम नगीना, मनोज कुमार सिंह, दिनेश यादव, अनिल के साथ कोपा गांव पहुंचे। सटीक मुखबिरी होने के नाते गांव में शराब का कारखाना चलता पाया गया। पुलिस को देखते ही यहां भगदड़ मच गई। एक व्यक्ति भाग निकला। मौके से पुलिस ने गाजीपुर के खानपुर थाने के बेलहरी निवासी राम मिलन यादव और पप्पू राम को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से अवैध शराब के साथ धंधे से जुड़े सहयोगी उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने पकड़े गए दोनों लोगों का चालान कर दिया। पुलिस ने दावा किया कि मिलावटी शराब क्षेत्र के लोगों को सस्ते दर पर बेचने की तैयारी थी। शराब को तेज करने वाले केमिकल भी मौके से मिले। इससे साफ है कि आरोपी शराब की रीफिलिंग कर मिलावट करते थे।