जौनपुर। राजनीतिक पेंशन विभाग के सलाहकार राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त हनुमान प्रसाद सिंह ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने ही आजादी की दूसरी लड़ाई लड़कर देश को आपात काल से मुक्त कराया था। लोकतंत्र सेनानियों की फिर से गणना कराई जाएगी। लोकतंत्र सेनानियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की तरह ही सुविधा दिए जाने पर विचार किया जाएगा।
हुसैनाबाद स्थित अपने आवास पर शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गोमती और सई नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। सरकार से अनुरोध करेंगे कि नदियों को प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में भी काम हो। उन्होंने कहा कि जनपद का चमेली उद्योग पूरे दुनिया में अपना नाम रोशन करता था लेकिन आज इसका अस्तित्व खत्म हो गया है। इस उद्योग को फिर से एक नया जीवन दिलाने के लिए प्रयास करेंगे। कहा कि बिजली, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था पिछली सरकार में खराब थी। सपा सरकार सभी व्यवस्थाएं पटरी पर लाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के प्रति आभार जताया। कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद नेताजी ही देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। इस मौके पर जिला महासचिव श्याम बहादुर पाल, दीपक सिंह मांटो आदि मौजूद रहे।