बक्शा। हाईवे धनिया मऊ के समीप शनिवार को बाइक से जा रहे सगे भाई-बहन तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। वहीं चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने जहां घायल युवक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वहीं मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
बदलापुर थाना क्षेत्र के बिठुआकला गांव निवासी राजेश की पत्नी को शनिवार भोर में तीन बच्चे पैदा हुए थे। बच्चा पैदा होने की खुशी में राजेश का छोटा भाई बृजेश (20) अपने चचेरे भाई अनिल उर्फ बंशी (23) के साथ शनिवार की सुबह बक्शा थाना क्षेत्र के नेवादाकाजी गांव अपनी बहन गीता देवी (35) पत्नी सुरेश की विदाई कराने गया था। करीब एक बजे दोनों विदाई कराकर अपने गांव लौट रहे थे। बाइक बृजेश चला रहा था। धनियामऊ पुलिया के पास सुल्तानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों का कुचल दिया। हादसे में बृजेश और पीछे बैठी उसकी बहन गीता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बीच में बैठा अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना स्थल के समीप मौजूद लोगों ने 108 नंबर एंबुलेंस को फोन किया। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घायल अनिल को एंबुलेंस में जिला चिकित्सालय भेजा। यहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने बृजेश और गीता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना पाते ही परिवार के लोग भी जिला चिकित्सालय पहुंच गए। हादसे में मृत गीता का पति सुरेश श्रमिक है। सुरेश के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।