-500 से अधिक गांव के लोगों को मिलेगा लाभ
विनय यादव
जौनपुर। आगामी विस चुनाव से पहले शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत की जाएगी। शासन ने जिले की 9 विधानसभाओं में 926 ग्रामीण सड़कों के नवीनीकरण एवं मरम्मत की मंजूरी दे दी है। यह सड़कें 200 मीटर से लेकर दो किमी की लंबाई वाली हैं। 914 किमी लंबी सड़कों पर 100 करोड़ 59 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे 500 से अधिक गांवों के लोगों को सीधे लाभ होगा।
जिले की 1734 ग्राम पंचायतों और 11 नगर निकायों में साढ़े सात हजार सड़कें हैं, 9 हजार किमी सड़कों का जाल फैला है। लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत, नगर पंचायत और मंडी समिति सड़कों की देखरेख करती हैं। इनमें सभी निर्माण कार्यों का नोडल लोक निर्माण विभाग होता है। हर साल सड़कों के नवीनीकरण, मरम्मत, गड्ढामुक्त अभियान में करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। इस दौरान जरूरत के हिसाब से कुछ सड़कें चौड़ी की जाती हैं। मुख्य सड़कों पर हर साल ध्यान दिया जाता है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें उपेक्षित ही रह जाती हैं। जिसकी समय-समय पर मरम्मत, नवीनीकरण कराई जाती है। वर्ष 2025-26 में लोक निर्माण विभाग की ओर से अवर अभियंताओं के सर्वे और जनप्रतिनिधियों की मांग के आधार पर बदलापुर, जफराबाद, मड़ियाहूं, मछलीशहर, शाहगंज आदि विधानसभा की 926 छोटी सड़कों का प्रस्ताव बनाकर शासन के पास भेजा गया था। वित्तीय वर्ष खत्म होने से एक महीने पूर्व अब इनकी स्वीकृति मिल गई है। करीब 914 किमी लंबी 926 सड़कों के नवीनीकरण और सामान्य मरम्मत के लिए शासन की ओर से 100 करोड़ 59 लाख की स्वीकृति मिली है। इसकी पहली किस्त 20 करोड़ 12 लाख रुपये की जारी की गई है। यह सड़कें लिंक और मुख्य मार्ग से अलग-अलग बस्तियों को जोड़ने वाली हैं।
.....................
इन मार्गों का होगा मरम्मत
कुशहा बड़ेरी-बल्लीपुर देनुआ संपर्क मार्ग, रामनगर से गढ़ा गोपालापुर संपर्क मार्ग, कनपुर पिच मार्ग से दाये रारी खुर्द संपर्क मार्ग, बटाऊवीर-मई-नौपेड़वा संपर्क मार्ग के किमी चार से दाये मछलीगांव दुबान बस्ती मार्ग, देवरिया राजपूत बस्ती संपर्क मार्ग, नेवादा शाहपुर संपर्क मार्ग, दुगौली संपर्क मार्ग, मुबारकपुर पोखरा बस्ती संपर्क मार्ग, अरर्गूपुरकला पल्हना संपर्क मार्ग, लखनऊ बलिया से लालापुर होते हुए पट्टी सरपतहां तक संपर्क मार्ग, चिरैहा डीह संपर्क मार्ग, गौसपुर संपर्क मार्ग, जौनपुर सुल्तानपुर मार्ग शुंगुलपुर संपर्क मार्ग समेत अन्य मार्गों को नवीनीकरण और सामान्य मरम्मत के तहत सुधारी जाएगी। संवाद
...........................
वर्जन
टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही काम शुरु होगा। यह सड़कें लिंक एवं मुख्य मार्ग से बस्तियों को जोड़ने वाली हैं। इन सड़कों की मरम्मत होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का आवागमन में सुविधा होगी।
- राजेंद्र वर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड